नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव में 250 वार्डों के लिए वोटों की गिनती जारी है। आम आदमी पार्टी बहुमत के लिए जरूरी 126 के आंकड़े से आगे है, भारतीय जनता पार्टी अब बहुमत से काफी पीछे हो गई है। वहीं, कांग्रेस 10 से वार्डों में आगे चल रही है। आप ने इस बढ़त को देखते हुए जश्न मनाना शुरू कर दिया है, वहीं दूसरी ओर भाजपा का कहना है कि अभी गिनती जारी और उन्हें निश्चित ही बहुमत मिलेगा।
इन आंकड़ों को देखते हुए आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा है कि अभी तक भाजपा कहती थी कि आप सिर्फ कांग्रेस को हरा सकती है, लेकिन आज उनके इस दर्द की दवा भी अरविंद केजरीवाल ने कर दी है। आज वे भाजपा के हराने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नगर निगम चुनाव में 17 केंद्रीय मंत्री 8 मुख्यमंत्री और 100 सांसदों ने पूरा जोर लगा दिया फिर भी आम आदमी पार्टी जीत रही है। संजय सिंह ने कहा कि अब 2024 में केजरीवाल बनाम नरेंद्र मोदी की लड़ाई होगी। संजय सिंह ने आगे कहा कि 15 साल से जहां भाजपा का राज था, वो किला केजरीवाल ने ध्वस्त किया है।