नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल रैली शुरू हो गयी है। कांग्रेस की रैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान के आसपास और अन्य इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। उधर रैली को लेकर देशभर से कांग्रेसी कार्यकर्ता राजधानी पहुंचे हैं और उनमें खासा जोश देखने को मिल रहा है। उधर हल्ला बोल रैली से पहले राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया कि राजा मित्रों की कमाई में व्यस्त प्रजा महंगाई से त्रस्त। आज लोगों को जरूरत का सामान खरीदने से पहले भी दस बार सोचना पड़ रहा है। इन तकलीफों के लिए सिर्फ प्रधानमंत्री जिम्मेदार हैं। हम महंगाई के खिलाफ आवाजें जोड़ते जाएंगे, राजा को सुनना ही पड़ेगा।
इधर भाजपा ने भी इस रैली को लेकर कांग्रेस पर तंज कसा है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावााला ने कहा कि एक असफल रॉकेट को बार-बार लॉन्च करने से नासा के वैज्ञानिक भी हैरान हैं। वे कांग्रेस से संपर्क करके पूछ रहे हैं कि पार्टी इसका प्रबंधन कैसे कर रही है। पूनावाला ने कहा कि हल्ला बोल रैली ‘राहुल रीलॉन्चिंग’ का पांचवा सीजन है। इससे पहले चार सीजन फ्लॉप हो चुके हैं। पूनावाला इतना पर ही नहीं रुके उन्होंने ममता बनर्जी, केसीआर, अरविंद केजरीवाल और नीतीश कुमार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये सभी नेता ‘मैं हूं न’ मूवी की तर्ज पर काम कर रहे हैं। इन नेताओं की हालत एक अनार (कुर्सी) पांच बीमार जैसी हो गई।
Smita Chouhan
Editor