पौड़ी,5अक्टूबर
उत्तराखंड में कल बड़ा सड़क हादसा हुआ है। पौड़ी गढ़वाल जिले के बीरोंखाल इलाके में 46 से 50 लोगों को ले जा रही एक बस खाई में गिर गई। बस दुर्घटना में 25 लोगों की मृत्यु हो गई है। पुलिस और एसडीआरएफ ने बचाव अभियान चलाकर 21 लोगों को बचाया है। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने इसकी पुष्टि की है। जिसके बाद आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद रमेश पोखरियाल निशंक भी घटना स्थल पुहंचे। सीएम ने खाई से निकाले जा रहें शवों के रेस्क्यू कार्य की जानकारी ली।साथ ही बस दुर्घटना स्थल का जायजा लेने के साथ ही घायलों से अस्पताल जाकर मुलाक़ात की।
देर रात से ही दोनों नेता इस घटना पर नजर बनाए हुए हैं। सीएम लगातार अधिकारियो ने सारी जानकारी लें रहें थे। वही सांसद निशंक ने भी लगातार अधिकारियो से दुर्घटना के हालातो के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री धामी और हरिद्वार सांसद डॉ निशंक दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और घायलों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों को हर संभव मदद देगी। जिन परिवारों ने दुर्घटना में अपनों को खोया है, सरकार हर वक्त उनके साथ खड़ी रहेगी।
आपको बता दें कि इस हादसे में बस में 46 बाराती सवार थे। हादसे के बाद बस में सवार कुछ लोग किसी तरह सड़क तक पहुंचे और मोबाइल फोन से अपने परिचितों को घटना की सूचना दी। रेस्क्यू ऑपरेशन की टीम ने 25 शवों को निकाला है। अंधेरा होने के चलते मंगलवार रात रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही थी। सुबह भी रेस्क्यू जारी रहा। डीजीपी ने बताया कि 21 लोगों को बचा लिया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि पौड़ी गढ़वाल बस दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होने कहा- उत्तराखंड के पौड़ी में हुआ बस हादसा दिल दहला देने वाला है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। बचाव कार्य जारी है। प्रभावितों को हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।
डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि धूमाकोट के बीरोंखाल इलाके में बीती रात हुई पौड़ी गढ़वाल बस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई। पुलिस और एसडीआरएफ ने रातों-रात 21 लोगों को बचाया है। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम में पहुंचे और अधिकारियों से घटना से बारे में जानकारी ली। सीएम ने जिलाधिकारी पौड़ी से बात कर पूरी सतर्कता के साथ राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिये हैं। शासन स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जिसके तहत राहत एवं बचाव कार्य के लिए टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
लालढांग स्थित शिव मंदिर के निकट रहने वाले संदीप पुत्र स्व नंद राम की बारात मंगलवार दोपहर पौड़ी जिले के कांडा गांव के लिए घर से निकली थी। 46 से 50 बाराती एक बस में सवार थे, जबकि दूल्हा संदीप कार में सवार था। दुल्हन के घर पहुंचने से कुछ दूरी पर ही देर शाम बस बींरोखाल के सीमड़ी बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। बारात की बुधवार को ही वापसी होनी थी लेकिन दुल्हन के घर पहुंचने से पहले ही ये हादसा हो गया।
पौड़ी जिले में हुई दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना की सूचना से हर कोई आहत है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। निशंक ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। निशंक ने दुर्घटना में हताहत हुए लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्दी स्वस्थ्य होने की कामना की। मंगलवार देर शाम बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने डीएम पौड़ी और राहत बचाव कार्य में जुटे अधिकारियों से फोन पर बात करके उनसे घटना की जानकारी ली और तत्परता से राहत और बचाव कार्य करने को कहा। निशंक ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों को हर संभव सहायता और उपचार देने की बात कही।
वहीं राजस्थान के सीएम अशोक गहलौत ने भी पौड़ी बस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उन्हें दुख सहने की शक्ति दे।