लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित पीएम बने मोदी, उत्तराखंड में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित

Blog
 Image

देहरादून। देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल और ऐतिहासिक नेतृत्व के सफल 12 वर्ष पूरे होने के पावन अवसर पर उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध बदरीनाथ धाम, पौराणिक नरसिंह मंदिर सहित प्रदेश के सभी महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में भव्य पूजा-अर्चना और महा-अभिषेक का आयोजन किया गया। इस विशेष अनुष्ठान में तीर्थ पुरोहितों की उपस्थिति के बीच मुख्य धर्माधिकारी स्वयंवर दत्त सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्र सेवा के संकल्प को पूरा करने के लिए विशेष आहुतियां दीं।

भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी के इस कार्यकाल को देश और उत्तराखंड के लिए 'स्वर्णिम दौर का आगाज' बताया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकतांत्रिक इतिहास में सर्वाधिक लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरवशाली इतिहास रचने जा रहे नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही आज उत्तराखंड देश के अग्रणी और आत्मनिर्भर राज्यों की कतार में मजबूती से खड़ा हुआ है। विकास के इस अभूतपूर्व रूपांतरण के लिए पूरा प्रदेश उनका आभारी है। इस गौरवशाली और समर्पित सेवा काल के उपलक्ष्य में भाजपा ने प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देशानुसार, विधानसभा स्तर पर विशेष पूजा-अर्चना और अरदास के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस पूरी मुहिम को व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए भाजपा ने एक विशेष टीम का गठन किया था। इसके तहत प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर को प्रदेश संयोजक तथा बलजीत सोनी और भुवन जोशी को सह-संयोजक की कमान सौंपी गई थी। इसके अलावा, जिला स्तरीय संयोजकों की देखरेख में चारधाम सहित राज्य के सभी प्रमुख और पौराणिक मंदिरों में पूजा-अर्चना के कार्यक्रम गरिमामय ढंग से सुनिश्चित कराए गए। नियमों के दायरे में रहकर बेहद व्यवस्थित तरीके से आयोजित इन धार्मिक अनुष्ठानों में न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं बल्कि आम जनता और श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। हर तरफ देश के इस यशस्वी नेतृत्व के प्रति अटूट विश्वास और उत्साह साफ नजर आ रहा था।