देहरादून, 2अक्टूबर
आज देशभर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती मनाई जा रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा उन्होंने गांधी पार्क पहुंचकर गांधी जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि गांधी जी ने सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए सबको प्रेरित किया। सभी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। भारत को आजादी दिलाने के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हमें अपने आचरण में अहिंसा का भाव जागृत करने के साथ ही मानवता के प्रति करुणा का भाव पैदा करना होगा। यही हमारी उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने आज शहीद स्थल कचहरी में उत्तराखंड राज्य आन्दोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारियों के संघर्ष के परिणामस्वरूप ही हमें नया राज्य मिला। शहीद राज्य आन्दोलनकारियों के सपने के अनुरूप राज्य के विकास के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। 2025 तक उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। इसके लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना है, जिससे कि राज्य आन्दोलन के शहीदों के सपनों के अनुरूप प्रदेश का समग्र विकास किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य आन्दोलनकारियों के कल्याण के लिए वचनबद्ध है।
इस अवसर पर सांसद माला
राज्यलक्ष्मी शाह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका उपस्थित थे।
वहीं, देहरादून विधानसभा भवन में स्पीकर ऋतु खंडूड़ी ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी कार्मिकों ने रामधुन का गान भी किया। बता दें कि पूरा देश आज गांधी जयंती मना रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 153वीं जयंती के मौके पर पूरे देश में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा। हर कोई बापू को याद कर रहा है।