दिल्ली। तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात बदमाश टिल्लू ताजपुरिया उर्फ सुनील मान की हत्या हो गई है। मंगलवार की सुबह जेल में बंद एक बदमाश ने लोहे की ग्रिल उखाड़ कर उस पर हमला बोल दिया। बदमाश ने लोहे की छड़ को टिल्लू के पेट में घोंप दिया। इस हमले में वह बुरी तरीके से जख्मी हो गया। जेल कर्मियों ने उसे आनन-फानन में दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक, सुबह साढ़े छह बजे डीडीयू अस्पताल में टिल्लू ताजपुरिया की मौत हुई है। जिस बदमाश ने टिल्लू पर हमला बोला है, उसका नाम योगेश टुंडा बताया जा रहा है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है। टिल्लू ताजपुरिया पर हत्या सहित कई अपराध के मामले दर्ज हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आज सुबह ऐसी सूचना मिली थी कि जेल के दो लोग जख्मी हुए हैं। उन्हें डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। टिल्लू को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हमले में जख्मी रोहित का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया है कि वह खतरे से बाहर है। तिहाड़ में हाई रिस्क वार्ड में टिल्लू ताजपुरिया बंद था। 4 कैदियों ने उस पर अचानक हमला किया है, जिनके नाम दीपक तीतर, योगेश टुंडा, राजेश और रियाज खान हैं। इन सभी अपराधियों का जितेंद्र गोगी गैंग से कनेक्शन है। चारों अपराधी तिहाड़ जेल के पहली मंजिल पर बंद थे, वहीं टिल्लू ग्राउंड फ्लोर स्थित सेल में बंद था।
दिल्ली के रोहिणी कोर्ट शूटआउट के आरोपी गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया पर प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों योगेश टुंडा और अन्य ने तिहाड़ जेल में हमला कर उसे मार गिराया। उसे दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही… pic.twitter.com/XlsJMFszYT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 2, 2023
पुलिस के मुताबिक, रोहिणी कोर्ट के अंदर कोर्ट रूम में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की हत्या में टिल्लू का हाथ था। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने एक एनकाउंटर में टिल्लू गैंग के दो शूटरों को मार गिराया था। जितेंद्र गोगी और टिल्लू ताजपुरिया की कॉलेज के जमाने से दुश्मनी थी, वह एक-दूसरे पर हमले की फिराक में लगे रहते थे। गैंगवार में अबतक दोनों गैंग के दर्जनों लोग जान गंवा चुके हैं। टिल्लू पर हत्या, अवैध कब्जे और जबरन वसूली सहित अपराध के कई मामले दर्ज हैं। बताया जाता है कि गैंगस्टर जितेंद्र गोगी और टिल्लू आपस में जिगरी दोस्त थे। लेकिन कॉलेज में चुनाव के दौरान दोनों के बीच टकराव की स्थिति पैदा होने लगी। क्योंकि दोनों अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी कैंपन कर रहे थे। कॉलेज से निकलकर दोनों अपराध की दुनिया में आ गए। इसके बाद दोनों एक-दूसरे पर हमले करने लगे।