विकासनगर,
उत्तराखंड में 5 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को होने वाले हैं।जिसके मद्देनजर पूरे प्रदेश में सख्ती के साथ चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा उत्तराखंड को नशे से मुक्त करने के लिए भी लगातार नशा तस्करों की गिरफ्तारी की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को विकासनगर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। यहां पुलिस ने 104 ग्राम स्मैक के साथ यूपी के बरेली के दो ड्रग पैडलर को गिरफ्तार किया। बरामद चरस की बाजारी कीमत करीब 31 लाख रुपये आंकी जा रही है।
आरोपियों से बैटरी युक्त इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपियों की पहचान फुरकान निवासी निकट राजा पब्लिक स्कूल फरकपुर थाना फरीदपुर बरेली और मोहम्मद फरमान निवासी ग्राम नौगांव थाना फरीदपुर बरेली के रूप में हुई।
एसपी देहात लोकजीत सिंह ने बताया कि, आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए चेकिंग अभियान चलता जा रहा है। जिसमें सेलाकुई पुलिस ने थाना प्रभारी शेंकी कुमार के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस कर्मियों को दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। जिस पर पुलिस कर्मियों ने दोनों को पूछताछ के लिए रुकने का इशारा किया। जिस पर दोनों भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों बरेली के रहने वाले हैं। जल्दी पैसा कमाने के लालच में वे अलग-अलग स्थानों पर मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं। वे औद्योगिक क्षेत्र और शिक्षण संस्थानों के आस-पास स्मैक बेचा करते थे।