रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में आज शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कुट्टू के आटे से बने भोजन खाने से लोगों की तबीयत बिगड़ गयी। इस दौरान एक के बाद एक करीब 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। बताया जा रहा है कि भोजन करने के कुछ ही समय बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी गंभीर शिकायतें शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर सभी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया। मामला रम्पुरा और सुभाष काॅलोनी से जु़ड़ा है। पीड़ितों में शामिल सौरव राठौर ने बताया कि खाना खाने के थोड़ी देर बाद ही उन्हें, उनकी मां और बहन को तेज उल्टी और पेट दर्द की समस्या होने लगी। जैसे-जैसे हालत बिगड़ती गई, परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत अस्पताल का रुख किया। डॉक्टरों के अनुसार कुल 11 मरीजों में से 5 की हालत सामान्य होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई, जबकि 6 मरीजों की स्थिति गंभीर होने के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी है। अस्पताल के फिजिशियन डॉ. एमके तिवारी ने बताया कि सभी मरीजों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरी चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। शुरुआती जांच में कुट्टू के आटे के दूषित होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं और लोगों से अपील की है कि व्रत के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें। इधर मामले में दुकानों पर छापेमारी भी की गयी है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कितनी निगरानी रखी जा रही है।
Trending
विजय नाथ शुक्ला ने दी जानकारी: आदि कैलाश यात्रा के पहले चरण में 15 जून तक भेजे जाएंगे श्रद्धालु
नवरात्र में रुद्रपुर में 11 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार
घरेलू आय सर्वे से उत्तराखंड में आय और जीवन स्तर की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच एयर इंडिया को अस्थायी राहत
ईद और अलविदा जुम्मा पर विशेष सतर्कता: सार्वजनिक स्थानों पर नमाज न हो, प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन
राष्ट्रपति मुर्मू के वृंदावन दौरे में प्रेमानंद महाराज संग आध्यात्मिक संवाद
उत्तराखंड में अब 'अत्यधिक कुशल' श्रमिकों की नई श्रेणी, विशेष दक्षता वालों को मिलेगी बेहतर मजदूरी और सुविधाएं
उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी