Apr 03, 2026

बिहार में जहरीली शराब का कहर: 2 की आंखों की रोशनी गई, मृतकों की संख्या 4

post-img

नई दिल्ली। बिहार में एक बार फिर जहरीली शराब का कहर देखने को मिला है। यहां मोतिहारी में कथित जहरीली शराब से चार लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है, जबकि कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल में भर्ती 2 लोगों की आंख की रोशनी गायब होने की बात भी सामने आ रही है। मामला मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव का है। जानकारी के अनुसार बीते 1 अप्रैल की रात 30-40 लोगों ने स्प्रिट से बनी शराब का सेवन किया था। जिसके बाद एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई थी। साथ ही कई लोगों की तबियत बिगड़ गई थी, जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो चुकी है। कल जहरीली शराब पीने से चंदू की मौत हुई थी। वहीं आज सुबह तुरकौलिया थाना क्षेत्र के शंकर सरैया परसौना निवासी प्रमोद यादव, परीक्षण मांझी और हीरालाल महतो की मौत हो गई। उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। डॉक्टरों के अनुसार इस जहरीली शराब के सेवन से पहले आंखों की रोशनी प्रभावित होती है। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब और स्प्रिट का कारोबार चल रहा है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। साथ ही अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में लागू शराबबंदी कानून और उसकी प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।