Apr 19, 2026

मदरसा शिक्षा में पारदर्शिता लाने की कवायद, सीएम धामी ने उत्तराखंड बोर्ड का पाठ्यक्रम लागू करने का लिया ऐतिहासिक निर्णय

post-img

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के मदरसों को लेकर एक बेहद सख्त और ऐतिहासिक निर्णय की घोषणा की है। अखंड परमधाम में युग पुरुष स्वामी परमानंद महाराज के 71वें संन्यास जयंती समारोह में शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री ने दो-टूक कहा कि राज्य में अब मदरसा बोर्ड का पुराना पाठ्यक्रम नहीं चलेगा। सरकार ने मदरसा बोर्ड को भंग करने का निर्णायक कदम उठा लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आगामी जुलाई सत्र से उत्तराखंड के सभी मदरसों में अनिवार्य रूप से उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा बोर्ड का पाठ्यक्रम लागू कर दिया जाएगा। अब मदरसों में भी वही शिक्षा दी जाएगी जो सामान्य स्कूलों के छात्र प्राप्त करते हैं। सीएम धामी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जो भी मदरसा इस नए शिक्षा ढांचे और पाठ्यक्रम को स्वीकार नहीं करेगा, उसे तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया जाएगा। सरकार का यह कदम मदरसों में पढ़ने वाले छात्रों को आधुनिक शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद शिक्षा विभाग ने जुलाई से नए पाठ्यक्रम को धरातल पर उतारने की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हैं।