Feb 20, 2026

अकेली रह रही महिला मृत मिली, फोरेंसिक टीम ने संभाली जांच

post-img

खटीमा की देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई जब लगभग 60 वर्षीय जानकी नामक बुजुर्ग महिला का शव उनके घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। अकेले रह रही महिला की अचानक हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है, जिससे कॉलोनी में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार जानकी अपने मकान की दूसरी मंजिल पर अकेली रहती थीं। उनके परिवार के अन्य सदस्य अलग-अलग स्थानों पर रहते हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब वह पूरे दिन अपने कमरे से नीचे नहीं उतरीं। नीचे रह रहे किरायेदारों और पड़ोसियों ने जब उन्हें लंबे समय तक नहीं देखा तो अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों को सूचना दी गई। लोगों की मौजूदगी में जब दरवाजा खोला गया तो जानकी कमरे के अंदर मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। यह दृश्य देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला रहस्यमय प्रतीत हो रहा है। घर के अंदर सारा सामान व्यवस्थित मिला। न तो अलमारी टूटी हुई थी और न ही लॉकर या कीमती सामान से छेड़छाड़ के निशान मिले। जबरन प्रवेश या संघर्ष के भी स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि महिला के सिर, चेहरे और गले पर भारी वस्तु से प्रहार जैसे गहरे निशान पाए जाने की बात सामने आई है, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।

फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन सहित कुछ अन्य वस्तुओं को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल डेटा और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले वह किससे संपर्क में थीं।परिजनों के अनुसार जानकी शांत, धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं और पिछले 12-13 वर्षों से नियमित रूप से सत्संग और आध्यात्मिक कार्यक्रमों से जुड़ी हुई थीं। बताया जा रहा है कि 20 फरवरी को उन्हें एक सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई।जानकी के पति का निधन करीब 12-13 वर्ष पहले हो चुका था। उनकी बेटियां विवाह के बाद अपने-अपने ससुराल में रहती हैं, जबकि बेटा नौकरी के सिलसिले में शहर से बाहर रहता है। लंबे समय से वह घर की ऊपरी मंजिल पर अकेली रह रही थीं और नीचे का हिस्सा किराये पर दिया हुआ था।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। चिकित्सकों की प्रारंभिक रिपोर्ट में शरीर पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं बताए गए हैं, लेकिन सिर और गले के पास चोट के संकेतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित रखकर प्रयोगशाला भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने शहर में अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।