महिला सशक्तिकरण: केंद्र सरकार की वित्तीय सुरक्षा नीतियों के माध्यम से 28 करोड़ महिला लाभार्थियों ने सुरक्षित किया भविष्य

Blog
 Image

रांची। जून महीने के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने बेहद लोकप्रिय और राष्ट्र-केंद्रित रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें संस्करण के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने देश की सामूहिक जनशक्ति की सराहना की और नागरिकों से आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने का पुरजोर आह्वान किया। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय समेत राज्य के विभिन्न जिलों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देशवासियों के प्रति विशेष आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि देशहित में सोना (गोल्ड) की खरीद कम करने, विदेश यात्राओं को कुछ समय के लिए टालने और देश के भीतर पेट्रोल-डीजल की खपत को कम करने के उनके पिछले आह्वान पर जनता ने जिस तरह अमल किया है, वह सराहनीय है। यह देशवासियों के अटूट विश्वास और सामूहिक प्रयास का ही नतीजा है। पीएम मोदी ने देशवासियों से सरकार द्वारा चलाई जा रही बेहद कम प्रीमियम वाली दुर्घटना और जीवन बीमा योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने इन योजनाओं की सफलता के आंकड़े साझा करते हुए सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया। मात्र ₹20 वार्षिक के मामूली प्रीमियम पर होने वाले इस दुर्घटना बीमा से अब तक देश के 58 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं, जिनमें 28 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। इस योजना के माध्यम से अब तक 3700 करोड़ रुपये से ज्यादा लोगों के परिजनों को सहायता पहुंचाई जा चुकी है। इसके तहत मात्र ₹432 वार्षिक के प्रीमियम पर ₹2 लाख का जीवन बीमा कवच मिलता है। इस योजना से अब तक 27 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं और संकट की घड़ी में 11 लाख परिवारों को 22 हजार करोड़ रुपये की बड़ी आर्थिक मदद मिल चुकी है। प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न कोनों से आई प्रेरक और सकारात्मक बदलाव की कहानियों का विशेष जिक्र किया। असम के एक इलाके में एक खास पक्षी को अशुभ मानकर मार दिया जाता था। लेकिन अब वहां अंधविश्वास को तोड़कर उस पक्षी को बचाने की बड़ी मुहिम चल रही है, जिसका नेतृत्व गांव की महिलाएं कर रही हैं। देश के युवाओं में खेल के प्रति बढ़ती जागरूकता की सराहना करते हुए पीएम ने नागालैंड में फुटबॉल को लेकर हो रहे दो विशेष प्रयासों का जिक्र किया और कहा कि आज के युवा खेल भी रहे हैं और अपना भविष्य भी बना रहे हैं। बिहार के प्राचीन और ऐतिहासिक नालंदा विश्वविद्यालय के नए स्वरूप की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हमें अपनी जड़ों से जुड़कर नई टेक्नोलॉजी के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। वहीं, मेघालय के 'लिविंग रूट ब्रिज' का जिक्र करते हुए बताया कि 120 रूट ब्रिजों का रखरखाव वहां के ग्रामीण खुद कर रहे हैं और इसे यूनेस्को हेरिटेज में शामिल करने के लिए आवेदन किया गया है। आने वाले त्योहारों और पर्यावरण सुरक्षा को जोड़ते हुए पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के कचरा प्रबंधन अभियान की तारीफ की। साथ ही आगामी गणेश चतुर्थी को लेकर देशवासियों और मूर्तिकारों से एक विशेष अपील की। मूर्तिकार प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाएं बिल्कुल न बनाएं और न ही देशवासी ऐसी मूर्तियों की खरीद करें। आने वाले गणेशोत्सव में केवल सामान्य मिट्टी से बनी भगवान विनायक की इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं का ही उपयोग करें, क्योंकि ये विसर्जन के बाद पानी और पर्यावरण को प्रदूषित नहीं करती हैं। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के अंत में मानसून के इस मौसम में पानी की बूंद-बूंद बचाने का संकल्प लेने का कड़ा संदेश दिया। रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने 'मन की बात' कार्यक्रम को लाइव सुना। वहीं रामगढ़ में पार्टी के उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना। कार्यक्रम के समापन के बाद प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने कहा कि पीएम मोदी का यह कार्यक्रम देश भर में हो रहे प्रेरक कार्यों का आईना है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनसेवा करने की निरंतर प्रेरणा मिलती है।