govt-ads

उत्तरकाशी के अग्निकांड प्रभावित परिवारों के लिए स्कूल और राशन पहली प्राथमिकता: सीएम पुष्कर सिंह धामी

Blog
 Image

उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों का दुख-दर्द बांटने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांव का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि बर्फबारी शुरू होने से पहले गांव को फिर से आबाद करने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि इस अग्निकांड में लोगों ने अपने आशियानों के साथ-साथ मवेशियों और छह महीने के लिए जमा किए गए राशन को भी खो दिया है। आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार की ओर से प्रत्येक प्रभावित परिवार को नया घर बनाने के लिए 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, जब तक नए घरों का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक सरकार प्रभावित परिवारों के रहने के लिए किराए की व्यवस्था भी करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी बर्फबारी को देखते हुए बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल और पर्याप्त राशन की व्यवस्था करना सरकार की पहली प्राथमिकता है। मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष कई बुनियादी मांगें रखीं। प्रभावितों ने गांव में पानी के टैंकर की व्यवस्था करने, किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित मदद के लिए हेलीपैड बनाने और संचार व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मोबाइल टावर लगाने की मांग की। इससे पूर्व जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विधायक दुर्गेश्वर लाल और ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा के साथ प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि आग में उनके घरों के साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक और जमीन के जरूरी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए हैं। इस समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को एक दिसंबर से गांव में ही विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीणों के सभी महत्वपूर्ण अभिलेख मौके पर ही दोबारा बनाए जा सकें और उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।