चंपावत। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चंपावत जनपद के दौरे के दौरान विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने 36.82 करोड़ रुपये की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही चंपावत मुख्यालय में 100 फीट ऊंचे ‘गौरव तिरंगे’ का लोकार्पण भी किया, जो क्षेत्र में देशभक्ति और गौरव का नया प्रतीक बनेगा।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर चंपावत का स्थलीय निरीक्षण भी किया। करीब 55.52 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह साइंस सेंटर प्रदेश में विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित चार मंजिला साइंस कैंपस और उसमें विकसित की जा रही आधुनिक वैज्ञानिक गैलरियों का अवलोकन किया। इस सेंटर में 40 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, फन साइंस गैलरी, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल, प्रदर्शनी कक्ष, अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी गैलरी, 120 सीटों का ऑडिटोरियम और 71 सीटों वाला आधुनिक प्लैनेटेरियम जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इस अवसर पर यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने बताया कि यह केंद्र छात्रों को विज्ञान के प्रायोगिक और आधुनिक स्वरूप से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान मौजूद बाल वैज्ञानिकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया और कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए ऐसे केंद्र बेहद जरूरी हैं। सीएम धामी ने कहा कि यह साइंस सेंटर भविष्य में प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, शोध और नवाचार का बड़ा हब बनेगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विज्ञान के बिना विकास संभव नहीं है और यह केंद्र दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक विज्ञान और खगोल विज्ञान से जोड़ने का माध्यम बनेगा।उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही पर्यावरणीय मानकों का पालन और श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।