आगरा। ताजनगरी आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में एक दुस्साहसिक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ के कछपुरा गांव में बुधवार की देर रात खेत में चारपाई पर सो रहे 35 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर की धारदार हथियार से बेरहमी से हमला कर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार की सुबह जब ग्रामीणों ने चारपाई पर खून से लथपथ शव देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस निर्मम हत्याकांड से जहां पूरे गांव में खौफ का माहौल है, वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बुधवार रात सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के कछपुरा गांव में खेत पर चारपाई डालकर सो रहे 35 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर प्रेमवीर की धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह खेत पर पहुंचे ग्रामीण ने चारपाई पर खून से लथपथ शव देखा तो घटना का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया। कछपुरा गांव निवासी प्रेमवीर पुत्र राजवीर सिंह बुधवार शाम अपने खेत पर पहुंचे थे। बताया गया कि उन्होंने खेत में नीम के पेड़ के नीचे चारपाई डाली और रात में वहीं सो गए। देर रात किसी अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर ने उनके सिर पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर वहां से फरार हो गया। बृहस्पतिवार सुबह करीब 5:30 बजे गांव का ही लालाराम खेत में पालेज का काम करने के लिए पहुंचा। शौच के लिए जाते समय उसने प्रेमवीर को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह चारपाई के पास पहुंचा तो प्रेमवीर को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। उसने तत्काल ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। हत्या की खबर फैलते ही कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रात में प्रेमवीर के पास कौन-कौन लोग पहुंचे थे और वारदात को किसने अंजाम दिया। पुलिस घटना से जुड़े संभावित कारणों और संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।वारदात के बाद गांव में सुरक्षा को लेकर भी लोगों में चिंता है। खेत में अकेले सो रहे व्यक्ति की हत्या की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के लिए जांच में जुटी है।

