देहरादून। राजधानी दून में टीकाकरण की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। इसी के साथ देहरादून राज्य का चौथा जिला बन गया है जहां 18 साल से अधिक के सभी व्यक्तियों को वैक्सीन की प्रथम खुराक लग चुकी है। दून के अलावा रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व चमोली में भी प्रथम खुराक का आंकड़ा शत फीसद है। वहीं राज्य में भी अब तक 95 फीसद व्यक्तियों को प्रथम खुराक लग चुकी है। राज्य सरकार ने दिसंबर अंत तक शत फीसद टीकाकरण का लक्ष्य रखा है। जिस तेजी से अब टीकाकरण हो रहा है उम्मीद है कि यह लक्ष्य पहले ही हासिल कर लिया जाएगा। देहरादून के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मनोज उप्रेती ने बताया कि जिले में 18 साल से अधिक की लक्षित आबादी 14,27,997 थी। शुक्रवार तक जिले में 14,28,102 व्यक्तियों को प्रथम खुराक लग चुकी है। यह लक्ष्य का 100.01 फीसद है। वहीं 44.89 फीसद को दूसरी खुराक भी लग चुकी है। उन्होंने टीकाकरण अभियान में लगे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी। उनसे टीकाकरण पूर्ण होने तक इसी शिद्दत से कार्य करते रहने का आह्वान किया।
Smita Chouhan
Editor