यमुना सिटी में औद्योगिक क्रांति: ₹450 करोड़ के निवेश से लगेंगी 5 नई फैक्ट्रियां, 4,300 से अधिक को मिलेगा रोजगार

Blog
 Image

ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के तेजी से उभरते नए औद्योगिक केंद्र 'यमुना सिटी' में रोजगार और औद्योगिक विकास को एक नया आयाम मिलने जा रहा है। क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को रफ्तार देने के उद्देश्य से यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने पांच बड़ी औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटित कर दी है। ₹450 करोड़ के भारी-भरकम निवेश से स्थापित होने वाली इन फैक्ट्रियों से स्थानीय स्तर पर 4,300 से अधिक लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

एनसीआर के तेजी से विकसित हो रहे यमुना सिटी में औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने जा रही है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में करीब 450 करोड़ रुपये के निवेश से पांच नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इन इकाइयों के संचालन में आने के बाद लगभग 4,300 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इन फैक्ट्रियों में रेडिमेड गारमेंट्स के साथ-साथ ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए प्लास्टिक उत्पाद और नालीदार गत्ते की पैकेजिंग सामग्री का बड़े पैमाने पर उत्पादन होगा।यीडा के एक अधिकारी के मुताबिक, क्षेत्र के अलग-अलग सेक्टरों में पांच औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटित की गई है। इनमें से तीन इकाइयां सेक्टर-29 स्थित अपेरल पार्क में स्थापित होंगी। इससे यमुना सिटी में रेडिमेड गारमेंट्स के उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। अपेरल पार्क में मैसर्स साहू एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड को 2.5 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी करीब 74.21 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और इससे लगभग 1,050 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं, मैसर्स सीएंडआर टेक्सटाइल को चार एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी करीब 102.26 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और लगभग 2,000 रोजगार उपलब्ध कराने की क्षमता रखती है। तीसरी इकाई मैसर्स एसएबीएस एक्सपोर्ट्स इंटरनेशनल की होगी, जिसके लिए चार एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी करीब 86.98 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और लगभग 500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा सेक्टर-8डी में सिमप्लास्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की तीन एकड़ में इकाई स्थापित होगी। यहां ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए उन्नत रोटेशनल मोल्डिंग तकनीक से प्लास्टिक उत्पाद बनाए जाएंगे। इन उत्पादों की मांग ऑटोमोबाइल के साथ कृषि, औद्योगिक उपकरण और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में लगातार बढ़ रही है। स्थानीय उत्पादन शुरू होने से इन उत्पादों के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। इसी सेक्टर में मैसर्स परफेक्ट पैक चार एकड़ में इकाई स्थापित करेगी। यहां नालीदार गत्ते से पैकेजिंग सामग्री तैयार की जाएगी। ई-कॉमर्स, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, एफएमसीजी, फार्मा और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों में इन पैकेजिंग उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इन पांच इकाइयों का निवेश यमुना सिटी के औद्योगिक विस्तार के साथ स्थानीय रोजगार और सप्लाई चेन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उत्पादन शुरू होने के बाद क्षेत्र में प्रत्यक्ष रोजगार के साथ परिवहन, लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग और अन्य सहायक सेवाओं में भी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।