यूपी के गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में हुए मामले की जांच तेज हो चली है। इस हमले के पीछे आतंकी साजिश की आशंका के चलते यूपी एटीएस अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है। आज यूपी एटीएस मुंबई पहुंची है, बताया जा रहा है कि एटीएस को आरोपी मुर्तजा की पत्नी की तलाश है। वहीं आरोपी मुर्तजा के पास से जो डॉक्यूमेंट मिले हैं इससे ये पता चलता है कि वो कट्टरपंथी जाकिर नाइक का फैन भी है। पुलिस की गिरफ्त में आए अहमद मुर्तजा अब्बासी ने आईआईटी मुंबई से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। वह परिवार के साथ मुंबई में ही रहता था। अक्टूबर 2020 से गोरखपुर आकर रहने लगा। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि अहमद मुर्तजा अब्बासी शनिवार को ही घर से निकला था। घर में किसी से ज्यादा बात नहीं करता था। अपने कमरे से भी बहुत कम निकलता था। अहमद मुर्तजा अब्बासी के घर व उसके कमरे की तलाशी भी ली गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी के पिता एमए अब्बासी भी एक कंपनी में इंजीनियर रह चुके हैं। रिटायरमेंट के बाद गोरखपुर रहने लगे। शनिवार को ही पिता मुंबई से घर लौटे हैं, उसके बाद पिता ने बेटे से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी थी। वहीं बताया जा रहा है कि मुर्तजा के पास से सुरक्षा एजेंसियों को कई चौंकाने वाले सबूत मिले हैं। मुर्तजा मुंबई और नेपाल के कई संदिग्ध लोगों से चैटिंग करता था। उसके नेपाल-मुंबई कनेक्शन को खंगाला जा रहा है।
Smita Chouhan
Editor